Next Story
Newszop

लेकर बाघ का करेजा... अनंत सिंह का नया अंदाज़, बेटे को घुड़सवारी सिखाते हुए मोकामा के 'बाहुबली'

Send Push
पटना: मोकामा के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। उन्होंने खुद एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे अपने बेटे को घुड़सवारी सिखा रहे हैं। वीडियो में उनका बेटा घोड़े पर बैठा है, जबकि अनंत सिंह कार से उसके साथ चल रहे हैं। बैकग्राउंड में 'लेकर बाघ का करेजा...' गाना बज रहा है। वीडियो को साझा करते हुए उन्होंने कैप्शन लिखा– 'छोटे सरकार की निगरानी में घुड़सवारी करते लाडले।'





घोड़ों और गाड़ियों का शौक

मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह का घोड़ों के प्रति लगाव जगजाहिर है। वे कई बार घुड़सवारी करते देखे जा चुके हैं। यहां तक कि एक बार वे घोड़ा-बग्गी से विधानसभा भी पहुंचे थे। इसके अलावा उन्हें लग्ज़री कारों का भी शौक है। हाल ही में उन्होंने अपने जन्मदिन पर एक लैंड क्रूजर जेडएक्स खरीदी थी, जिसकी कीमत लगभग 2.5 से 3 करोड़ रुपये बताई जाती है।



नीतीश कुमार और अशोक चौधरी से मुलाकात

बेऊर जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की थी। यह मुलाकात करीब 15 मिनट तक चली। इसके अलावा नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी उनके घर पहुंचे थे। इन मुलाकातों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।





अनंत सिंह का राजनीतिक सफर

अनंत सिंह, जिन्हें ‘छोटे सरकार’ कहा जाता है, ने 2005 में जेडीयू के टिकट पर मोकामा से चुनाव जीता था। उन्होंने लोजपा उम्मीदवार नलिनी रंजन शर्मा उर्फ ललन सिंह को हराया था। 2010 में भी जेडीयू प्रत्याशी के रूप में जीते और 2015 में निर्दलीय उम्मीदवार बनकर विधानसभा पहुंचे। 2020 में जेल में रहते हुए उन्होंने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।



एके-47 केस और विधायकी गई

हालांकि उनका राजनीतिक करियर विवादों से भी भरा रहा है। घर में एके-47 मिलने के मामले में 21 जून 2022 को पटना एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें 10 साल की सजा सुनाई थी। इस फैसले के बाद उनकी विधायकी चली गई। इसके बाद मोकामा उपचुनाव हुआ, जिसमें उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीत हासिल की और सीट पर कब्जा बनाए रखा।

Loving Newspoint? Download the app now