शिमला, 29 जून (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश भाजपा को एक जुलाई को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का औपचारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। वर्तमान अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का दावा इस बार भी सबसे मजबूत माना जा रहा है, जबकि पार्टी नए नेतृत्व की तलाश में भी गंभीरता से विचार कर रही है। 30 जून को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी और एक जुलाई को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह शिमला के पीटरहॉफ होटल में नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करेंगे।
पार्टी के प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. राजीव भारद्वाज ने रविवार को शिमला स्थित दीप कमल कार्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि भाजपा की लोकतांत्रिक परंपरा के अनुसार बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चुनाव होते हैं। हिमाचल में 8,000 से अधिक बूथ, 171 मंडल और 17 जिलों में चुनाव प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। अब प्रदेश अध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चुनाव की बारी है।
114 डेलीगेट तय करेंगे अध्यक्ष का नाम
हिमाचल भाजपा में कुल 114 डेलीगेट हैं, जिन्हें अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता माना गया है। डॉ. भारद्वाज ने बताया कि 30 जून को दोपहर 12 से 2 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे, 2 से 3 बजे तक जांच और यदि एक से अधिक प्रत्याशी हुए तो 3 से 5 बजे तक नाम वापसी का समय रखा गया है।
यदि कोई उम्मीदवार निर्विरोध चुना जाता है तो उसी दिन अध्यक्ष स्पष्ट हो जाएगा, अन्यथा एक जुलाई को औपचारिक घोषणा होगी। इस अवसर पर सह चुनाव अधिकारी डॉ. राजीव सैजल और संजीव कटवाल भी उपस्थित रहे।
कौन-कौन हैं दौड़ में?
प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में वर्तमान अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सबसे आगे हैं। वह अप्रैल 2023 से इस पद पर हैं और इससे पहले 2020 में भी कुछ महीनों तक अध्यक्ष रहे। पार्टी के भीतर मजबूत सांगठनिक पकड़ और अनुभव के कारण बिंदल को दोबारा जिम्मेदारी दिए जाने की प्रबल संभावना है।
हालांकि पार्टी यदि नया नेतृत्व देना चाहे तो कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और इंदु गोस्वामी, तथा बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। त्रिलोक जम्वाल को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का करीबी माना जाता है।
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी भी नए अध्यक्ष के जिम्मे
हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी का फोकस एक ऐसे अध्यक्ष के चयन पर है जो न केवल संगठन को मजबूत बनाए बल्कि आगामी चुनावों में भाजपा को मजबूती से नेतृत्व दे सके। इसलिए नए अध्यक्ष की भूमिका भविष्य के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
डेलीगेट लिस्ट में जेपी नड्डा व अनुराग ठाकुर से लेकर युवा चेहरों तक शामिल
114 सदस्यीय मतदाता सूची में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, फिल्म अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रानौत, पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, सुरेश कश्यप, सुरेश भारद्वाज, विपिन परमार, डॉ. राजीव सैजल, डॉ. सिकंदर कुमार, इंदू गोस्वामी, हर्ष महाजन, सतपाल सिंह सत्ती जैसे वरिष्ठ नेताओं के अलावा कई नए और युवा चेहरे कौल नेगी, बिहारी लाल शर्मा इत्यादि शामिल हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
You may also like
शिमला : भारी बारिश से पेयजल परियोजनाओं में भरी गाद, जलापूर्ति रहेगी बाधित
मप्र की एक ऐसी महिला की कहानी, जिसे स्वयं 'मन की बात' में प्रधानमंत्री मोदी ने सराहा
यूं ही नहीं ईरान से पूर्ण युद्ध को टालता है अमेरिका, ईरान कभी भी आसानी से काबू किया जाने वाला दुश्मन नहीं रहा!
झारखंड में स्वास्थ्य सेवा की बदहाली पर नेता प्रतिपक्ष और मंत्री के बीच जुबानी जंग
जवाहर कला केंद्र में मल्हार महोत्सव में नृत्य और वादन प्रस्तुतियों से होगा वर्षा ऋतु का स्वागत